इस गांव के जेहन में आज भी जिंदा है 1925 का काकोरी कांड
![]() |
| काकोरी स्टेशन: यहां क्रांतिकारियों ने लूटा था अंग्रेजों का खजाना |
काकोरी का बाजपुर गांव 9 अगस्त 1925 का गवाह है जब देश की आजादी की लड़ाई की खातिर हथियार खरीदने के लिए यहां ट्रेन लूटा गया था। यह घटना काकोरी कांड के नाम से इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गई। भले ही इसे अट्ठासी साल से अधिक गुजर गए हों, लेकिन आज भी उस समय के निशान यहां पर जिंदा हैं।
फिर चाहे रेलवे लाइन की वह जगह हो जहां पर ट्रेन को लूटा गया, या फिर जहां पर लूटे गए बॉक्स को तोड़कर पैसे निकाले गए, सभी यादगार हैं। क्रांतिकारियों के हौसलों को दफन करने के लिए 19 दिसंबर 1927 को रामप्रसाद बिस्मिल, रोशन सिंह, अशफाक उल्लाह खां और राजेंद्र प्रसाद लाहिड़ी को फांसी दे दी गई थी।
इन अमर सपूतों की याद में बाजपुर गांव में उसी जगह शहीद स्मारक बनाया गया है। यहां पर हर साल 19 दिसंबर को शहीद दिवस मनाया जाता है। शहीद स्मारक में बने काकोरी शहीद मंदिर के पुजारी राजकुमार मिश्रा बताते हैं कि काकोरी कांड को यादगार बनाए रखने के लिए घटनास्थल को शहीद स्मारक काकोरी लिखकर संरक्षित किया गया है। रेलवे लाइन को देखने के लिए जाली भी बनाई गई है। हालांकि, इलेक्ट्रिक लाइन हो जाने की वजह से यह रेलवे लाइन अब पहले की तरह नहीं रही है।
क्रांतिकारियों की अनोखी मिसाल
यहाँ के पुजारी राजकुमार मिश्रा बताते हैं कि जिस बॉक्स को लूटा गया था, उसे क्रांतिकारियों ने करीब दो सौ मीटर की दूरी पर तोड़कर पैसे निकाले थे। अब इस जगह को ककराहा बाबा स्थल कहते हैं। काकोरी कांड को करीब 20 क्रांतिकारियों ने अंजाम दिया था। इसमें राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्लाह खां, रोशन सिंह, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी को फांसी दे दी गई थी। कांड में शामिल रहे चंद्रशेखर आजाद ने बाद में इलाहाबाद के अल्फ्रेड पार्क में खुद को गोली मार ली थी।
पुजारी मिश्रा ने बताया कि उन्होंने 67 साल की उम्र में बहुत से लोगों को देखा है, जो यहां पर आकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन जैसे ही पदों पर पहुंचते हैं तो सबसे पहले इन देशभक्तों को ही भूल जाते हैं। अब शहीदों के लिए मेले नहीं लगते हैं और न ही लोग स्वप्रेरित होकर इन देशभक्तों के स्मारक स्थलों पर आते हैं।
शहीद स्मारक पर मेले का आयोजन
शहीद मंदिर में रोजाना सफाई के साथ पूजा की जाती है। पुजारी मिश्रा ने कहा कि यहां शहीदों की आरती की जाती है। उनका मानना है कि इनकी वजह से ही आज हम स्वतंत्र भारत में रह रहे हैं। शहीद दिवस के मौके पर स्मारक की रंगाई-पुताई की जाती है। इसके साथ यहां पर मंच भी बनाया गया है, जहां पर मेला लगेगा। स्कूली बच्चे देशभक्ति गीत गाएंगे। मुशायरा और कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया है।

0 comments:
Post a Comment