Saturday, January 10, 2015

मेरिट वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए सामान्य पद रिजर्व


ग्रामीण व पंचायतराज विभाग ने तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा 2013 की मेरिट में आरक्षित वर्ग को लेकर उत्पन्न असमंजस की स्थिति को स्पष्ट कर दिया है। विभाग के अनुसार अब एससी, एसटी, ओबीसी व एसबीसी वर्ग के ऐसे अभ्यर्थी, जिनके आरटेट में 60 फीसदी से ज्यादा अंक है और उनके सामान्य श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से ज्यादा अंक आते हैं, तो उनके लिए सामान्य श्रेणी में पद रिजर्व रखे जाएंगे। हालांकि फिलहाल इनका चयन आरक्षित वर्ग की रिक्तियों से ही किया जाएगा।
 
विभाग ने शनिवार को जारी की जाने वाली मेरिट को स्थगित कर अब 23 जनवरी को जारी करने का फैसला किया है। कट ऑफ मार्क्स भी इसी दिन घोषित किए जाएंगे। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि एससी, एसटी, ओबीसी व एसबीसी वर्ग के अभ्यर्थी, जिनके 60 फीसदी से कम प्राप्तांक है और वे अनारक्षित वर्ग के ऐसे अंतिम अभ्यर्थी से, जो चयनित से अधिक अंक प्राप्त करते हैं तो उनके पद भी अनारक्षित वर्ग में रिजर्व रखे जाएंगे।
 
 
पद रिजर्व लेकिन चयन नहीं
 
 
आरटेट में 60 प्रतिशत से कम प्राप्तांक वाले उन अभ्यर्थियों, जिन्हें राज्य सरकार द्वारा आरटेट के न्यूनतम उत्तीर्णांक 60 प्रतिशत में छूट दी गई है, के विज्ञापित पदों की वरीयता में आने पर उतने ही पद उनके आरक्षित वर्ग में भी अनिवार्य रूप से रिजर्व रखे जाएंगे, लेकिन वरीयता सूची में होने पर भी इनका चयन नहीं किया जाएगा।
 
 
टीएसपी क्षेत्र में एसटी के न्यूनतम उत्तीर्णांक 36%

टीएसपी क्षेत्र के अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए राज्य सरकार द्वारा अधिसूचना जारी कर आरटेट में 36% प्राप्तांक निर्धारित किए हैं, लेकिन इस प्रावधान को किसी न्यायालय में चुनौती नहीं दी गई है। इसलिए टीएसपी क्षेत्र के एसटी के अभ्यर्थियों के लिए आरटेट में न्यूनतम प्राप्तांक 36 प्रतिशत ही माने जाएंगे।

दस्तावेज की जांच अब 4 फरवरी को: विभाग ने कार्यक्रम में भी संशोधन किया है, अब 10 जनवरी की बजाय 23 जनवरी को कट ऑफ मार्क्स जारी किए जाएंगे। अब ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने आरटेट के अंकों की जानकारी नहीं दी है, वे 14 जनवरी तक जिला परिषद को दे सकेंगे। इसी तरह अब मेरिट में आने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेज की जांच 4 व 5 फरवरी को की जाएगी।

0 comments:

Post a Comment